Breaking News

धनबाद के महुदा थाना के नाक के नीचे हो रही थी हथियारों का सप्लाई पुलिस को भनक तक नहीं

धनबाद : महुदा में बुधवार देर रात छापेमारी में एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. जानकारी के अनुसार, धनबाद पुलिस और पश्चिम बंगाल एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड (एटीएस) ने बीती रात धनबाद के महुदा थाना क्षेत्र की सिंगड़ा बस्ती में छापेमारी कर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है.

यहां एक झोपड़ी में महीनों से हथियार बनाने का काम चल रहा था. दोनों राज्यों की संयुक्त पुलिस ने यहां से दर्जनों निर्मित व अर्धनिर्मित पिस्तौल, गोली सहित अन्य सामान बरामद किये हैं. इस दौरान मिनी गन फैक्ट्री के संचालक मुर्शीद अंसारी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया.

बंगाल पुलिस को मिली थी सूचना

इस संबंध में बताया गया कि यह कार्रवाई आधी रात तक चली है. इसे लेकर सबसे पहले बंगाल पुलिस को सूचना मिली थी कि महुदा के सिंगड़ा बस्ती में मिनी गन फैक्ट्री का संचालन हो रहा है. इस फैक्ट्री में मुंगेर के कारीगरों की मदद से हथियार बनाकर सप्लाई किया जा रहा है. बताया जाता है कि पश्चिम बंगाल पुलिस की गिरफ्त में आये कुछ अपराधियों से इस फैक्ट्री का सूचना मिली थी कि महुदा क्षेत्र में हथियारों का बड़े पैमाने पर निर्माण हो रहा है.

ऐसे हुआ मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा

वहीं, सूचना के आधार पर बंगाल एटीएस और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. पुलिस ने स्थानीय निवासी मुर्शिद अंसारी के घर को चारों तरफ से घेर लिया. इसके बाद जब घर खुलवाकर जांच शुरू की गयी, तो पुलिसवाले भौंचक रह गये. झोपड़ी में पिस्तौल बनाने का काम चल रहा था. मौके पर पांच लोग मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया. इस दौरान पुलिस ने अवैध हथियार बनानेवालों से उनके सामने पिस्टल बनाने को कहा. पकड़े गये लोगों ने एक घंटे के अंदर ही चार पिस्तौल बना डाली.

छापेमारी में क्या मिला

बताया गया कि यह गन फैक्ट्री मुर्शीद अंसारी के घर होते हुए एक लंबी गली पार करने के बाद दूर की एक झोपड़ी में चल रही थी. पुलिस छापेमारी में डेढ़ दर्जन निर्मित, 70-80 अर्धनिर्मित पिस्तौल बरामद किये गये. इसके अलावा भारी मात्रा में हथियार बनाने की सामग्री और गोलियां भी जब्त हुई हैं. पुलिस बोरों में भरकर सामान थाना ले आयी. छापेमारी में महुदा, कतरास, सहित कई अन्य थानों की पुलिस भी शामिल थी. अभियान का नेतृत्व बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह कर रहे थे. फिलहाल, गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है.

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

धनबाद मंडल कारा में देर रात छापेमारी, पुरुष वार्ड से खैनी, चूना और पेन बरामद

धनबाद : धनबाद मंडल कारा में सोमवार देर रात डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *