Breaking News

पंपू तालाब घाटों का डीसी और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

धनबाद : लोक आस्था का महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो चुकी है. रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे. इससे पहले शहर के सभी छठ घाटों को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाने की कवायद तेज कर दी गई है.

घाटों की सफाई समय पर पूरी करने के निर्देश के बीच शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और एसएसपी पंपू तालाब पहुंचे. यहां अधिकारियों ने तालाब की सफाई व्यवस्था, पानी के स्तर और आसपास की स्थिति का जायजा लिया. इसके साथ ही तालाब के सौंदर्यीकरण के तहत चल रहे कार्यों की भी जानकारी ली. अधिकारियों ने छठ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया.

नालों का पानी साफ होने के बाद ही तालाब में गिरेगा

पंपू तालाब के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने तालाब के पानी को स्वच्छ रखने के लिए प्रस्तावित योजना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तालाब को प्रदूषण से बचाने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने की योजना पर काम चल रहा है.

इसके तहत तालाब में गिरने वाले नालों के गंदे पानी को सीधे जलाशय में नहीं छोड़ा जाएगा. पहले एसटीपी के माध्यम से पानी का शुद्ध किया जाएगा और इसके बाद ही उसे तालाब में प्रवाहित किया जाएगा. इससे तालाब के पानी की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी.

जलस्रोतों के स्वच्छता में सहयोग की अपील

उपायुक्त ने शहरवासियों से तालाबों और अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर छठ से पहले घाटों और तालाबों की सफाई कराई जाती है लेकिन इन जलस्रोतों को लंबे समय तक स्वच्छ रखना आम लोगों की सहभागिता के बिना संभव नहीं है.

उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजा के बाद फूल-माला, प्लास्टिक और अन्य पूजन सामग्री तालाबों में विसर्जित न करें. ऐसा करने से पानी प्रदूषित होता है और जलाशयों की स्वच्छता प्रभावित होती है. छठ जैसे पवित्र पर्व पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी समझना जरूरी है. उन्होंने कहा प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित घाट उपलब्ध कराने के साथ-साथ शहर के जलस्रोतों को भी प्रदूषण से बचाया जा सके.

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

मुन्ना हत्याकांड का खुलासा, रुपयों के लालच में दोस्त ने ही की थी हत्या, दो गिरफ्तार

कतरास : तेलियाबांध आमटांड़ निवासी मुन्ना पांडेय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *