Breaking News

बुजुर्ग महिला से मारपीट पर भड़के ग्रामीण, CISF-ECL टीम को बनाया बंधक, गाड़ियों में किया तोड़फोड़

धनबाद : निरसा के चापापुर ओपन कास्ट प्रोजेक्ट में कोयला चोरी के खिलाफ छापेमारी के दौरान जंगल से लकड़ी चुनने गई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कथित पिटाई के बाद रविवार को ग्रामीण उग्र हो गए।

ग्रामीणों ने सीआईएसएफ क्यूआरटी और ईसीएल सिक्योरिटी टीम के तीन वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद जवानों और सिक्योरिटी कर्मियों को घेरकर बंधक बना लिया।

ग्रामीणों की पिटाई में ईसीएल सिक्योरिटी टीम के सदस्य काजल कुमार गोराई, सीआईएसएफ वाहन चालक समेत कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक टीम ग्रामीणों के कब्जे में थी।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार चापापुर ओसीपी में कोयला चोरी की सूचना पर CISF की क्यूआरटी और ईसीएल सिक्योरिटी टीम छापेमारी करने पहुंची थी। टीम को देखते ही कथित कोयला चोर भागने लगे।

इसी दौरान रामकनाली आदिवासी टोला निवासी विमोली हेंब्रम जंगल से लकड़ी चुनने जा रही थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें भी कोयला चोरी में शामिल समझ लिया और उनके साथ मारपीट की।

बताया जाता है कि बुजुर्ग महिला कम सुनती हैं। टीम द्वारा पूछताछ किए जाने पर वह ठीक से जवाब नहीं दे सकीं। घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने सिक्योरिटी टीम के वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला चोरी में संलिप्त लोगों के बजाय निर्दोष ग्रामीणों के साथ मारपीट की जा रही है। उनका कहना है कि बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट करने वाले कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि निर्दोष लोगों के साथ इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को देश के शीर्ष 25 IPS अधिकारियों में 18वें स्थान पर, झारखंड से एकमात्र

धनबाद : धनबाद के लिए बड़ी और गर्व की खबर सामने आई है। फेम इंडिया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *