
धनबाद : एसएसपी ने धनबाद के पुलिस लाइन में दागियों को कहा कि वो मुख्य धारा में लौटें. ऐसा नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी. वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने राज्य में पहली बार एक अलग तरह की पुलिसिंग का नजारा दिखाया.
आज सुबह से पुलिस लाइन में पुलिस के जवानों की भीड़ थी. वहां पर अपने सभी अधिकारियों के साथ एसएसपी खुद तैनात था. उन्होंने जिले भर के लगभग 700 दागियों की मैदान में परेड कराई. इस दौरान उन्हें अच्छा नागरिक बनने की शपथ भी दिलाई. इस दौरान उनके नाम-पता और फोटो का सत्यापन किया गया.
मुख्य धारा में लौटने के लिए प्रेरित करना था उद्देश्य
इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि पहली बार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य अपराध से जुड़े लोगों को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करना और कानून के प्रति जागरूक करना है. इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सबको स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि वे अपना चरित्र सुधारें, अपराध का रास्ता छोड़ें और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनें. उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर कोई दोबारा अपराध के रास्ते पर चलता है, तो पुलिस उसे उसी भाषा में जवाब देगी, जिस भाषा में वह समझेगा.
अच्छा नागरिक बनने की शपथ दिलायी
कार्यक्रम के दौरान सभी दागियों को अच्छे नागरिक बनने और कानून का पालन करने की शपथ दिलाई गई. पुलिस अधिकारियों ने समाज में सम्मानजनक जीवन जीने और अपराध से दूर रहने की अपील की. परेड खत्म होने के बाद सभी दागियों का फोटो, नाम, पता और अन्य जरूरी विवरण दर्ज किया गया, जिससे कि भविष्य में उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके. धनबाद पुलिस की इस पहल को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सुधारात्मक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
कार्यक्रम में पुलिस में वरीय पुलिस अधीक्षक सहित सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब व अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.