Breaking News

धनबाद : नई बाइक की पार्टी बनी मौत की वजह, जितेश रवानी हत्याकांड में दो गिरफ्तार

धनबाद : नयी बाइक खरीदने की खुशी में दोस्तों के साथ पार्टी दुहाटांड़ निवासी जीतेश रवानी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोस्तों ने पत्थर से कूच कर उसकी हत्या कर दी.

धनबाद पुलिस ने शनिवार को जीतेश रवानी हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों दीपक कुमार राम और शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर धनबाद जेल भेज दिया. यह जानकारी शनिवार को धनसार थाना में प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने दी. इस दौरान डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली भी मौजूद थे. सिटी एसपी ने बताया कि 12 मई की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि चांदमारी खेल मैदान के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा है. सूचना पर धनसार पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की. घटनास्थल से पुलिस मृतक की पल्सर बाइक बरामद की. मृतक की पहचान धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ निवासी जीतेश रवानी के रूप में हुई.

मामूली बात पर हुआ था विवाद

पुलिस ने बताया कि जीतेश नयी बाइक खरीदने वाला था. इसी खुशी में उसने अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने की योजना बनायी. हत्या के दिन जितेश ने अपने दोस्त शक्ति सिंह को फोन किया. उस समय उसके दोस्त शक्ति और दीपक कुमार राम शराब पी रहे थे. पहले शक्ति ने फोन रिसीव नहीं किया, लेकिन बाद में उसने जीतेश को फोन कर मनईटांड़ बुलाया. मनईटांड़ पहुंचने के बाद तीनों ने शराब और बीयर खरीदी. इसके बाद चखना लेकर सभी चांदमारी खेल मैदान चले गये. वहां बैठ कर तीनों शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी शुरू हो गयी. विवाद इतना बढ़ा कि दीपक और शक्ति ने मिलकर जीतेश पर हमला कर दिया. दोनों ने पत्थर से कूच कर उसकी हत्या कर दी. इससे मौक पर उसकी मौत हो गयी. हत्या के बाद दोनों ने जीतेश के शव को झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सके.

मोबाइल लोकेशन व टेक्निकल सेल की मदद से हत्यारों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद मृतक के परिजन के बयान पर धनसार थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस मोबाइल लोकेशन और टेक्निकल सेल की मदद से जीवेश के हत्यारों तक पहुंची. इस दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी दीपक कुमार राम बिहार भाग गया है. लेकिन पुलिस के दबाव पर उसने न्यायालय में सरेंडर कर दिया.

घटना में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल व खून से सना शर्ट जब्त

पुलिस की पूछताछ के दौरान दीपक ने जीतेश की हत्या करने की बात कबूली. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खून से सना शर्ट बरामद किया. दूसरे आरोपी शक्ति सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन व अन्य सामान जब्त कर लिया है.

डेढ़ माह पहले ही जेल से बाहर निकला था दीपक

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी दीपक कुमार राम साइको प्रवृत्ति का है. दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. दीपक पूर्व में गोलीकांड मामले में जेल जा चुका है. वह डेढ़ माह पहले ही जेल से बाहर निकला था. पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है.

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

सिजुआ में भू-धंसान से कोहराम, मकान धराशायी होने से एक बच्चे की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने धनबाद-कतरास मुख्य मार्ग किया जाम

कतरास : धनबाद कोयलांचल में बीसीसीएल की तरफ से अवैज्ञानिक तरीके से कोयले का खनन, खनन के बाद खदानों में बालू भराई में घपले-घोटाले और कोयले के अवैध खनन के कारण धरती पूरी तरह खोखली और खतरनाक हो गई है। आए दिन भू-धंसान की घटनाएं घटती हैं। इससे जान-माल की हानि होती है। मंगलवार अहले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *