
धनबाद : सिजुआ-तेतुलमारी मार्ग पर मनसा मंदिर, पाण्डेयडीह टिल्हा के समीप शुक्रवार देर रात जमीन फटने से लंबी दरार पड़ गई. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और आसपास रहने वाले लोग भयभीत हो गए.
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन में आई दरार इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में कभी भी भू-धंसान हो सकता है. अनहोनी की आशंका से चिंतित ग्रामीणों ने देर रात ही नया मोड़-तेतुलमारी मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध कोयला उत्खनन को तत्काल बंद कराने की मांग की. घटना की सूचना मिलने पर तेतुलमारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त करा स्थिति को सामान्य किया. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटी है.
ग्रामीणों का आरोप है कि उनके घरों के पीछे लंबे समय से अवैध तरीके से बड़े पैमाने पर कोयले का उत्खनन किया जा रहा है. उनका कहना है कि यदि इसे नहीं रोका गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है. ग्रामीणों ने दावा किया कि काली मंदिर के समीप हो रहे कथित अवैध उत्खनन के कारण ही जमीन में दरार पड़ी है.
वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराकर संभावित भू-धंसान की आशंका की जांच कराने और अवैध खनन पर कार्रवाई की मांग की है.