
कतरास : सोनारडीह थाना से महज कुछ ही दूरी पर शुक्रवार देर रात अपराधियों ने बीसीसीएल के पंप आपरेटर उमेश रविदास को गोली मार दी। गोली लगने के बाद उमेश जमीन पर गिर गया।
घायल को इलाज के लिए बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा कि देर रात करीब 1:30 बजे कुछ अपराधी केबल चोरी करने पहुंचे थे। अपराधियों ने विरोध करने पर पंप आपरेटर उमेश रविदास को गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी है, फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
कोल कर्मी उमेश रविदास थाना के सामने स्थित जलापूर्ति के मोटर पंप पर ड्यूटी कर रहा था। तभी रात करीब डेढ़ बजे अपराधियों का एक दल केबल लूटने के ख्याल से मौके पर आ धमके। विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच तथा क्षेत्र में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
दो हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन और पुलिस हरकत में आई। एसएसपी धनबाद खुद घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बीसीसीएल की टीम घायल कर्मचारी का बयान दर्ज कर रही है। इसके बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।
सीएमडी एमके अग्रवाल ने घटना पर चिंता जताते हुए पूरी जानकारी मांगी। वहीं कंपनी अधिकारियों ने बताया कि घायल रविदास को सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।