
धनबाद : धनबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चिरकुंडा थाना क्षेत्र से एक आरोपी को अवैध हथियार और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो रिजवान सिद्दीकी, उम्र करीब 45 वर्ष, निरसा थाना क्षेत्र के वृंदावनपुर का रहने वाला है और वह प्रिंस खान संगठित आपराधिक गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है. गिरफ्तार अपराधी के बारे में बताया गया कि वह गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह के लिए हथियार जुटाता था.
आरोपी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था
इस संबंध में गुरुवार को धनबाद के ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में अपने एक परिचित के घर में भारी मात्रा में अवैध हथियार और गोली जमा कर रहा है. सूचना के आधार पर छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की गई, जहां से पुलिस ने दो अवैध पिस्टल, 33 जिंदा कारतूस और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े बातचीत वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया.
जेल में बंद अफजल अमन के इशारे पर करता था काम
बरामद हथियारों में एक 9 एमएम पिस्टल मैगजीन के साथ और एक 7.65 एमएम देशी पिस्टल मैगजीन सहित शामिल है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल में बंद अफजल अमन के इशारे पर हथियार और गोली इकट्ठा की जा रही थी. पुलिस के मुताबिक, आने वाले दिनों में रेलवे टेंडर से जुड़े ठेकेदारों को प्रिंस खान गिरोह के नाम पर डराकर रंगदारी वसूलने की योजना बनाई जा रही थी. इस मामले में चिरकुंडा थाना में आर्म्स एक्ट समेत बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.