Breaking News

भू-धंसान प्रभावितों को बेलगड़िया में करें पुनर्वासित : डीसी

धनबाद : डीसी आदित्य रंजन ने सोमवार की शाम समाहरणालय के सभागार में संशोधित झरिया मास्टर प्लान की समीक्षा की. उन्होंने बीसीसीएल एवं झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए) को संशोधित प्लान के अनुसार भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र के लोगों को बेलगड़िया में पुनर्वासित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रभावित परिवारों को समय पर मुआवजा भुगतान किया जाए और एलटीएच व नन एलटीएच दोनों का पुनर्वास मास्टर प्लान के प्रावधानों के अनुरूप करें. उन्होंने जेआरडीए, बीसीसीएल व जिला प्रशासन की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की और पुनर्वास प्रक्रिया को पारदर्शी व प्रभावी बनाने पर जोर दिया.

बैठक में आवास आवंटन, वित्तीय सहायता, परिवहन व लॉजिस्टिक्स सपोर्ट तथा विस्थापन के दौरान हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया. डीसी ने कहा कि झरिया क्षेत्र की कई बस्तियां भूमिगत आग और जमीन धंसने जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही हैं. ऐसे में प्रभावित लोगों का सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास अत्यंत आवश्यक है.

जेआरडीए के अधिकारी ने बताया कि बेलगड़िया में 3737 आवासों की मरम्मत का कार्य जारी है. इसमें रूफ ट्रीटमेंट, बाथरूम व फर्श पर नई टाइल्स, डिस्टेंपर पेंट, कंसील्ड वायरिंग तथा पीवीसी वाटर टैंक की व्यवस्था शामिल है. IIT-ISM द्वारा कार्य की निगरानी की जा रही है. बैठक में बीसीसीएल के निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार सिंह, विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, जेआरडीए के अधिकारी समेत जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

देश में धनबाद रेल मंडल का डंका, कमाई और माल ढुलाई दोनों में नंबर वन

धनबाद : धनबाद एक बार फिर से कमाई के मामले में देश का नंबर एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *