
धनबाद : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को कोयलांचल में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह की पहली किरण के साथ ही विभिन्न धार्मिक स्थलों और दामोदर नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
मोहलबनी घाट, सुदामडीह घाट और लाल बंगला स्थित दामोदर घाट पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बुजुर्गों ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धिऔर खुशहाली की कामना की.
कार्तिक पूर्णिमा को लेकर अहले सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था.देखते ही देखते घाटों पर लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई. नदी में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को दान-पुण्य भी किया.
कई श्रद्धालुओं ने दीपदान कर भगवान से परिवार की सुख-शांति, संतान की उन्नति और देश की खुशहाली की प्रार्थना की.इस दौरान घाटों पर धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा. श्रद्धालुओं ने कहा कि हिंदू धर्म में कार्तिक माह का विशेष धार्मिक महत्व है. मान्यता है कि इस पूरे महीने पवित्र स्नान, पूजा-पाठ और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.
कार्तिक पूर्णिमा के दिन नदी में स्नान और दान का विशेष महत्व माना जाता है. यही वजह है कि हर वर्ष इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग नदी और सरोवरों में स्नान करने पहुंचते हैं.बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. दामोदर नदी के तट पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर कोयलांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की झलक पेश की. आस्था, विश्वास और भक्ति के संग कार्तिक पूर्णिमा का पर्व श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ मनाया.