Breaking News

भारत-जापान वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा, IIT ISM Dhanbad की मुस्कान को जापान में रिसर्च फेलोशिप

धनबाद : आइआइटी आइएसएम धनबाद की शोधार्थी मुस्कान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध का अवसर मिला है. संस्थान के केमिस्ट्री एंड केमिकल बायोलॉजी विभाग की रिसर्च स्कॉलर मुस्कान का चयन जेएसटी-लोटस फैलोशिप 2026 की लोटस-बेसिक कैटेगरी के लिए चुना गया है. इसके तहत वह जापान की ओकायामा यूनिवर्सिटी में एक वर्ष तक शोध करेंगी. वहां प्रो. यासुशी निशिहारा उनके मेंटर होंगे.

मुस्कान का शोध पर्यावरण अनुकूल प्रक्रियाओं के माध्यम से नये एग्रीगेशन-इंड्यूस्ड एमिशन (एआइइ) आधारित फ्लोरोसेंट मैटेरियल्स विकसित करने पर केंद्रित है. इन विशेष सामग्रियों का इस्तेमाल सेंसर, इमेजिंग और उन्नत फंक्शनल मैटेरियल्स के विकास जैसे क्षेत्रों में किया जा सकता है. उनका शोध भविष्य में नयी तकनीकों और वैज्ञानिक अनुप्रयोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है.

पर्यावरण अनुकूल फ्लोरोसेंट मैटेरियल्स पर होगा शोध

एग्रीगेशन-इंड्यूस्ड एमिशन ऐसी प्रकाशीय प्रक्रिया है, जिसमें कुछ विशेष अणु एकत्रित होने पर अधिक प्रभावी ढंग से प्रकाश उत्सर्जित करते हैं. इस गुण के कारण ऐसे मैटेरियल्स का उपयोग उन्नत सेंसर और जैविक इमेजिंग जैसी तकनीकों में किया जा सकता है. मुस्कान अपने शोध के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल तरीकों से ऐसे फ्लोरोसेंट मैटेरियल्स विकसित करने की दिशा में काम करेंगी.

संस्थान के तीन शोधार्थियों को मिला अवसर

मुस्कान के शोध सुपरवाइजर एवं संस्थान के डीन (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) प्रो. पार्थसारथी दास ने उनके चयन पर प्रसन्नता जतायी है. उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग और उन्नत अनुसंधान का बेहतर अवसर बताया.

मुस्कान से पहले संस्थान के शोधार्थी विश्वजीत बेरा और पलक जायसवाल का भी इसी फैलोशिप के एस्पायर कैटेगरी में चयन हुआ था. इस तरह आइआइटी आइएसएम धनबाद के अब तक तीन शोधार्थियों को जेएसटी-लोटस फैलोशिप के तहत जापान में शोध करने का अवसर मिला है. यह उपलब्धि संस्थान में चल रहे शोध कार्यों और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

झरिया के राजा तालाब पर बनारस की तर्ज पर हुई भव्य गंगा आरती, हजारों दीपों से जगमगाया कोयलांचल

झरिया : झरिया का ऐतिहासिक राजा तालाब रविवार की शाम ‘मिनी काशी’ के रूप में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *