
धनबाद : बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल धनबाद में अब कैंसर और हृदय रोग के इलाज की विशेषज्ञ सुविधा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। बीसीसीएल प्रबंधन ने कार्डियोलाजी और आन्कोलाजी विभाग विकसित करने के लिए दो अलग-अलग मल्टीडिसिप्लिनरी कमेटियों का गठन किया है।
दोनों कमेटियां देश के प्रमुख विशेषज्ञ अस्पतालों का दौरा कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों, विशेषज्ञ डाक्टरों और आधारभूत संरचना का अध्ययन करेंगी।
अध्ययन के आधार पर केंद्रीय अस्पताल को अपग्रेड करने की कार्य योजना तैयार की जाएगी। केंद्रीय अस्पताल में कैंसर और हृदय रोग की विशेषज्ञ सुविधा शुरू होने का लाभ बड़े स्तर पर मिलेगा।
बीसीसीएल में कार्यरत करीब 30 हजार कोयला श्रमिकों, करीब 20 हजार सेवानिवृत्त अधिकारियों तथा अन्य कर्मचारियों को मिलाकर दो लाख से अधिक कोयला श्रमिक परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा बीसीसीएल में काम करने वाले ठेका श्रमिकों के परिवारों के साथ-साथ सिंफर, सीएमपीएफ, आईआईटी आईएसएम, डीजीएमएस समेत धनबाद के करीब 11 प्रमुख संस्थानों के कर्मियों और उनके परिवारों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
स्थानीय आम लोगों के लिए भी केंद्रीय अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार महत्वपूर्ण साबित होगा। इस योजना का लक्ष्य एक नवंबर को कोल इंडिया स्थापना दिवस समारोह व दिसंबर तक हर हाल में केंद्रीय अस्पताल में कार्डियोलाजी और आन्कोलाजी की सुविधा शुरू करना है।
इससे गंभीर हृदय रोग और कैंसर से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए धनबाद से बाहर बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत काफी कम हो सकेगी। वर्तमान में गंभीर हृदय रोग और कैंसर के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता, जमशेदपुर, दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।
कार्डियोलॉजी और ऑन्कोलॉजी की सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को धनबाद में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी मदद मिलेगी।
कार्डियोलाजी कमेटी आज से कोलकाता के दौरे पर
कार्डियोलाजी विभाग के लिए गठित सात सदस्यीय कमेटी तीन से चार सितंबर तक बीएम बिड़ला हास्पिटल, कोलकाता का अध्ययन दौरा पर है। कमेटी केंद्रीय अस्पताल में हृदय रोग के इलाज की सुविधा शुरू करने के लिए जरूरी संसाधनों और व्यवस्था का जायजा लेगी।
इस टीम में डा. एनके पांडेय, डा. अनीश गांधी, डा. विनीता वर्मा, डा. अखिल वाजपेयी, हिमांशु नागल (सिविल), बिश्वनाथ साहा (फाइनेंस) और आनंद प्रकाश (एचआर) शामिल हैं। टीम अस्पताल में कार्डियोलाजी से जुड़ी जांच, उपचार, उपकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों, आईसीयू समेत जरूरी आधारभूत संरचना और तकनीकी व्यवस्था का अध्ययन करेगी।
जमशेदपुर जाएगी आन्कोलाजी की टीम
कैंसर उपचार की सुविधा विकसित करने के लिए दूसरी सात सदस्यीय कमेटी 11 और 12 सितंबर 2026 को मेहरबाई टाटा मेमोरियल हास्पिटल, जमशेदपुर का दौरा करेगी। टीम वहां कैंसर मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक, जांच सुविधाओं, उपकरणों और विशेषज्ञ सेवाओं की जानकारी लेगी।
इस कमेटी में डा. एनके पांडेय, डा. अनीश गांधी, डा. विनीता वर्मा, डा. रणविजय प्रताप, हिमांशु नागल (सिविल), बिश्वनाथ साहा (फाइनेंस) और आनंद प्रकाश (एचआर) शामिल हैं।
10 दिनों में देनी होगी रिपोर्ट
मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी की ओर से 28 अगस्त पत्र के तहत दोनों कमेटियों का गठन किया गया है। अध्ययन दौरे के बाद कमेटियों को 10 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
रिपोर्ट में केंद्रीय अस्पताल में मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर के अपग्रेडेशन, नई सुविधाओं, जरूरी उपकरणों, तकनीकी व्यवस्था, विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता तथा वित्तीय पहलुओं का उल्लेख किया जाएगा। इसके आधार पर दोनों विभागों को शुरू करने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार होगी।
केंद्रीय अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर दिया है। कार्डियोलाजी और आन्कोलाजी जैसी महत्वपूर्ण विशेषज्ञ सेवाओं की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विशेषज्ञ अस्पतालों के अध्ययन के बाद मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय अस्पताल में जरूरी संसाधन और सुविधाएं विकसित की जाएंगी।