Breaking News

धनबाद में उपायुक्त ने किया भव्य आम महोत्सव का उद्घाटन

धनबाद : धनबाद में रविवार को बैंक मोड़ स्थित डीएमसी मॉल में आम महोत्सव का आयोजन किया गया. महोत्सव का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार तथा जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने फीता काटकर किया.

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

उपायुक्त ने विभिन्न स्टॉल पर आम की अलग-अलग प्रजातियों की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि आम महोत्सव का उद्देश्य किसानों से सीधे उपभोक्ताओं तक ऑर्गेनिक तरीके से पकाए गए आम पहुंचाना, स्थानीय आम उत्पादकों और स्वयं सहायता समूहों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना है.

महोत्सव में उमड़ी खरीदारों की भीड़ पर खुशी जताते हुए उपायुक्त ने कहा कि लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने पर उनकी मांग बढ़ती है. उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराकर आम उत्पादन को दोगुना करने की दिशा में कार्य करेगा.

उन्होंने घोषणा की कि मनरेगा के तहत पांच एकड़ में आम की बागवानी करने वाले किसानों को डीएमएफटी के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी का स्रोत उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी उपज और आय दोनों में वृद्धि होगी. साथ ही बलियापुर, निरसा सहित जिले के अन्य हाट-बाजारों का उन्नयन कर उन्हें आधुनिक और सुविधायुक्त बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा.

उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा किसानों और स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने आम उत्पादकों और महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण उत्पादन एवं बेहतर विपणन के लिए प्रोत्साहित किया.

आम महोत्सव में गोविंदपुर किसान साथी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, बलियापुर कृषि उत्थान महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, पलाश मार्ट, निरसा नारी शक्ति कृषि उत्थान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड तथा जय धरती मां फाउंडेशन ने अपने-अपने स्टॉल लगाए.

महोत्सव में लंगड़ा, दशहरी, आम्रपाली, सिंदूरी, मल्लिका, मियाजाकी, चौसा, भागलपुरी रानी समेत आम की कई लोकप्रिय किस्में आकर्षण का केंद्र रहीं.

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा, जेएसएलपीएस की डीपीएम सुदिप्ता बनर्जी, संतोष कुमार, अमर कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, किसान और आम नागरिक उपस्थित रहे.

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

धनबाद में सात केंद्रों पर होगी नीट परीक्षा, तैयारी पूरी

धनबाद : नीट-यूजी पुनर्परीक्षा 21 जून को है। इसके लिए धनबाद जिले में सात केंद्र …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *