
तेतुलमारी : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को तेतूलमारी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने की, जबकि संचालन मदन ठाकुर ने किया।
बैठक में थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों, अखाड़ा कमेटी के प्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे, अनुशासन एवं सामाजिक एकता का पर्व है। इसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण कायम रखा जा सकता है।
बैठक के दौरान पंचमी से दसमी तक आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूसों के निर्धारित मार्ग, समय-सारिणी एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के सभी मार्गों का सत्यापन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा अखाड़ा कमेटियों के साथ संयुक्त रूप से रूट निरीक्षण किया जाएगा, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, नियमित गश्ती, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे, जिससे पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा क्षेत्र में अमन, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर उपेंद्र प्रजापति, मोहम्मद साहिल, मोहम्मद अब्दुल्ला, मधुसूदन वर्मा, छोटू सिंह, पार्षद सियरूद्दीन अंसारी, अशोक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।