Breaking News

गर्भवती अनिता देवी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह आरोपी गिरफ्तार

बोकारो : बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में गर्भवती अनुसूचित जाति की महिला को पीट-पीटकर मार डालने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।

ढोरी पांच नंबर धौड़ा निवासी महेश भुइयां की 25 वर्षीय पत्नी अनिता देवी चार माह की गर्भवती थी। शुक्रवार की रात अमलो रेलवे साइडिंग से जलावन के लिए कोयला चुनकर लौट रही थीं। इसी दौरान पटेलनगर निवासी संतोष साव के गिरोह से जुड़े लोगों ने अनिता कुमारी और पूनम देवी के साथ मारपीट की।

महेश के अनुसार मारपीट के दौरान उनकी पत्नी जमीन पर गिर गई थीं, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने लात-घूंसों से उनकी पिटाई जारी रखी। गंभीर रूप से घायल अनिता को सीसीएल के सेंट्रल अस्पताल ढोरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में महेश भुइयां ने संतोष साव समेत 20 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। इनमें से छह आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने फुसरो-डुमरी मार्ग स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक के समीप सड़क जाम कर दिया था।

धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने पहुंचकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने पुलिस-प्रशासन को चेतावनी भी दी थी। लगभग 20 घंटे बाद पुलिस प्रशासन ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

बेरमो एसडीपीओ रवींद्र कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 29 मई की रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में महेश भुइयां की पत्नी अनिता भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए केंद्रीय अस्पताल ढोरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि मृतका के पति महेश भुइयां के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने बबलू कुमार, सुरेंद्र भुइयां, वीरेंद्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धीरेन भुइयां तथा राजेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

सिजुआ में भू-धंसान से कोहराम, मकान धराशायी होने से एक बच्चे की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने धनबाद-कतरास मुख्य मार्ग किया जाम

कतरास : धनबाद कोयलांचल में बीसीसीएल की तरफ से अवैज्ञानिक तरीके से कोयले का खनन, खनन के बाद खदानों में बालू भराई में घपले-घोटाले और कोयले के अवैध खनन के कारण धरती पूरी तरह खोखली और खतरनाक हो गई है। आए दिन भू-धंसान की घटनाएं घटती हैं। इससे जान-माल की हानि होती है। मंगलवार अहले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *