
धनबाद : धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग स्थित केंदुआडीह में भू-धंसान के करीब छह महीने बाद धंसी सड़क की भराई का कार्य पूरा कर लिया गया है। रविवार को उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार और नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने संयुक्त रूप से कार्य प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने सोमवार से सड़क को हल्के वाहनों के परिचालन के लिए खोलने की घोषणा की। हालांकि, भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उन्हें रोकने के लिए पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) को बैरियर लगाने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने बताया कि दुर्गा पूजा और दिवाली को देखते हुए जनहित में सड़क को अस्थायी रूप से शुरू किया जा रहा है।
इसमें बीसीसीएल ने तकनीकी सहयोग दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है, एक दरार से करीब 2000 पीपीएम गैस का रिसाव हो रहा है। वैज्ञानिक जांच के बाद ही इसे खोला जा रहा है और दिवाली-छठ तक पूरे एक महीने इस मार्ग की सघन निगरानी की जाएगी। इसके बाद ही स्थायी परिचालन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल केवल पैदल यात्री, दोपहिया, तिपहिया और छोटे चारपहिया वाहन ही गुजर सकेंगे। सड़क पर किसी को रुकने, ठेला लगाने या दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी।
डीसी ने नगर आयुक्त को मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और आरसीडी के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद को नियमित पानी का छिड़काव कराकर रोलिंग जारी रखने का निर्देश दिया। बीसीसीएल महाप्रबंधक जयंत कुमार दास के अनुरोध पर सड़क किनारे की कुछ दुकानों को हटाने के लिए पुटकी सीओ विकास आनंद को सहयोग करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने धनबाद विधायक राज सिन्हा के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। मौके पर केंदुआडीह थाना प्रभारी शशि रंजन, रविंद्र सिन्हा, मनोज मालाकार, रंजय सिंह, राजेश गुप्ता, बालमुकुंद राम, गोविंदा राउत समेत कई लोग उपस्थित थे।