
धनबाद : धनबाद में बड़ा बुलडोजर ऐक्शन हुआ है। यहां के जीटी रोड को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार खुद ही सड़क पर उतरकर अतिक्रमण हटवाया। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को गोविंदपुर से निरसा तक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
गोविंदपुर के रंगडीह मोड़ से लाल बाजार की ओर कोलकाता लेन तक जीटी रोड की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए दर्जनों घरों-दुकानों के आगे की छावनी, कच्चे-पक्के निर्माण और सीढ़ियों पर बुलडोजर चलाया गया।
डीसी-एसएसपी के पहुंचते ही मचा हड़कंप
शुक्रवार को डीसी-एसएसपी के पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। डीसी-एसएसपी करीब दो घंटे तक सड़क पर खड़े रहकर अतिक्रमण हटवाते रहे। बाद में एसडीएम लोकेश बारंगे के नेतृत्व में शाम तक अभियान चला। रंगडीह मोड़ पर एक दुकान ध्वस्त कर मोड़ को चौड़ा किया गया। डीसी ने बिजली पोल हटाने के लिए जीएम से बात की। डीसी-एसएसपी ने कहा जीटी रोड पर एक इंच भी अतिक्रमण नहीं रहने दिया जाएगा। अतिक्रमण हटने से जाम से निजात मिलेगी। उन्होंने गोविंदपुर सीओ और पुलिस इंस्पेक्टर को रतनपुर तक दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर प्राथमिकी दर्ज होगी। अभियान में डीटीओ दिवाकर द्विवेदी, बीडीओ जही आलम, सीओ यशवंत सिन्हा, डीएसपी कुमार विनोद, ट्रैफिक डीएसपी रोहित साव, पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद थे.
जाम से छूट रही थी फ्लाइट, फंस रही थी एंबुलेंस
डीसी-एसएसपी ने कहा कि रात 1-2 बजे महिलाएं फोन करती हैं कि एंबुलेंस जाम में फंस गई है, मरीज की जान चली जाएगी। परीक्षार्थी फोन करते हैं कि परीक्षा छूट जाएगी। कोई कहता है दुर्गापुर से फ्लाइट है और जाम में फंसे हैं। पिछले तीन माह से ऐसे फोन लगातार आ रहे हैं। पांच माह पहले एनएचएआई ने घर-घर नोटिस दिया। 15 सितंबर को एसडीएम ने माइक से मुनादी कराकर सांकेतिक तोड़फोड़ भी की, पर लोगों ने हल्के में लिया। एसएसपी ने कहा कि रॉन्ग साइड वाहन परिचालन भी गोविंदपुर जीटी रोड पर जाम का कारण है। उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव को 10 अक्तूबर से लगातार 10 दिनों तक गोविंदपुर में वाहन जांच अभियान चलने का निर्देश दिया। कहा कि लगातार फाइन काटने से लोग रॉन्ग साइड चलना भूल जाएंगे।साद थे।
निरसा में भी चला अभियान
निरसा सीओ विक्रम आनंद और बीडीओ इंद्रलाल ओहदार के नेतृत्व में शुक्रवार की शाम जीटी रोड पर हटिया मोड़ से बाजार चौक तक के सर्विस लेन पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ पर बुलडोजर चलाया। सीओ व बीडीओ ने अतिक्रमणकारियों को सुबह ही आदेश दिया था कि दोपहर 12 बजे तक सामान हटा लें, नहीं तो बुलडोजर से तोड़ दिया जाएगा। जीटी रोड एवं सर्विस रोड पर दुकान लगाए ज्यादातर फुटपाथ दुकानदारों ने अपना-अपना सामान स्वयं हटा लिया था। कुछ दुकानदारों ने अपना सामान एवं दुकान नहीं हटाया था, उसे जेसीबी से तोड़ दिया गया।