
कतरास : दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए धनबाद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कतरास थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल की अध्यक्षता में हुई बैठक में धनबाद ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
बैठक का संचालन पार्षद शहाबुद्दीन ने किया। ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति भंग करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूजा समितियों को जिला प्रशासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी
ग्रामीण एसपी ने सभी पूजा समितियों को पंडालों और मेला परिसरों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया। आग से बचाव के लिए अग्निशमन व्यवस्था, निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वयंसेवकों की टीम तैनात रखने पर जोर दिया गया।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में पुलिसकर्मी सादे लिबास में भी तैनात रहेंगे।
इससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और छेड़खानी सहित अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया।
ड्रोन से निगरानी, पार्किंग और यातायात पर विशेष ध्यान
पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
बैठक में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, वाहनों के लिए उचित पार्किंग स्थल निर्धारित करने तथा बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रशासन का जोर इस बात पर रहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ-साथ पूजा समितियां भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पूजा समितियों की रही भागीदारी
बैठक में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कू, नगर निगम के सिटी मैनेजर रोहित राहुल सम्मद और बिजली विभाग के कनीय अभियंता समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा जीएनएम दुर्गा पूजा समिति, रेलवे दुर्गा पूजा समिति,
रानी बाजार दुर्गा पूजा समिति, तिलाटांड हॉस्पिटल दुर्गा पूजा समिति, डॉक्टरपाड़ा दुर्गा पूजा समिति, केसलपुर दुर्गा पूजा समिति, मालगोदाम दुर्गा पूजा समिति, बंगालीपाड़ा दुर्गा पूजा समिति और राजवाड़ी दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
शांति समिति की ओर से प्रभात मिश्रा, पार्षद राममूर्ति सिंह उर्फ छोटू सिंह, राजेश स्वर्णकर, मुन्ना सिद्दीकी, चुन्ना यादव, महेश पासवान, बबलू बर्मन, उदय वर्मा, पूर्व पार्षद हरि अग्रवाल, रणधीर ठाकुर, रमाशंकर तिवारी, मोहम्मद जावेद रजा, दिलीप दसौंधी, विष्णु प्रसाद चौरसिया, मुकेश जायसवाल और उमाकांत तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों से आपसी तालमेल बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की गई।
प्रशासन ने उम्मीद जताई कि सभी के सहयोग से कतरास में दुर्गोत्सव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न होगा।