
कतरास : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को जाम की समस्या से बचाने के लिए प्रशासन ने मंगलवार को कतरास में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया. इस दौरान सड़क पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गयी.
वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ मोटरसाइकिलें जब्त कर थाने लायी गयीं.
बाघमारा अंचलाधिकारी गिरिजा नंद किस्कू के नेतृत्व में अभियान कतरास थाना चौक से भगत सिंह चौक होते हुए छाताबांध पुलिया तक चलाया गया. इसमें कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, रामकनाली ओपी प्रभारी अलीशा कुमारी सहित अंगारपथरा और सोनारडीह पुलिस के अधिकारी शामिल थे. नगर निगम की टीम ने भी अभियान में हिस्सा लिया.
तेज रफ्तार और नाबालिग चालकों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान तेज रफ्तार से चलने वाली मोटरसाइकिलों, नाबालिग चालकों और मोडिफाइड वाहनों की जांच की गयी. यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में आठ मोटरसाइकिलें जब्त कर थाने ले जायी गयीं. प्रशासन ने पूजा के दौरान सड़कों पर यातायात सुचारु रखने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उद्देश्य से जांच अभियान चलाया.
दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने का निर्देश
प्रशासन ने कतरास बाजार और जीएनएम पूजा पंडाल जाने वाले मार्ग पर सड़क का अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को अविलंब अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया. कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पूजा के दौरान आवागमन सुचारु रखने के लिए दुकानदारों को सड़क किनारे पेवर ब्लॉक के निर्धारित हिस्से में ही दुकान लगाने की हिदायत दी गयी है.
दुकानदारों को दुकान का छज्जा सड़क की ओर नहीं निकालने और मेला क्षेत्र में सड़क किनारे दुकान नहीं लगाने की सख्त चेतावनी भी दी गयी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए सड़क पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.