Breaking News

रामकनाली ओपी में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

हुड़दंगियों एवं सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी प्रशासन की कड़ी नजर, सौहार्द और भाईचारे का दिया गया संदेश

रामकनाली : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को रामकनाली ओपी परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, अखाड़ा कमेटियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लेते हुए क्षेत्र में अमन, शांति और सामाजिक एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता रामकनाली ओपी प्रभारी अलीशा कुमारी ने की, जबकि संचालन राजा महतो ने किया। ओपी प्रभारी ने अपने संबोधन में कहा कि मोहर्रम त्याग, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक पर्व है तथा इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मोहर्रम के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अशांति फैलाने की कोशिश अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

ओपी प्रभारी अलीशा कुमारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

उन्होंने कहा कि रामकनाली ओपी क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई है।

ओपी प्रभारी ने शांति समिति के अध्यक्ष, सचिव, सभी सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय ही किसी भी सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन की सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि रामकनाली और कतरास क्षेत्र की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी संस्कृति के लिए रही है, जिसे आगे भी मजबूती के साथ कायम रखना है।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता की परंपरा को बनाए रखने में शांति समिति की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और आगे भी सभी लोग मिलकर इस परंपरा को मजबूत करेंगे।

बैठक में अखाड़ों की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी आयोजकों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर निरंजन गोप (मुखिया, जमुआटांड़), छोटू सिंह (पार्षद, रामकनाली), राजा महतो, कंचन महतो, रतीलाल टुडू, देवानंद महतो उर्फ लालजी, सुरेश कुमार महतो, राज मंडल, ठाकुर महतो, मानिक महतो, चंदन दास, भागीरथ महतो, लुकमान खान सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से एएसआई सुरसंड सांगा, एएसआई मानिकचंद्रम राम, एएसआई जयचंद्र तिग्गा, एसआई विजय राम, एएसआई सुना उरांव एवं एएसआई विजय गंझू सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

About Bikram Nonia

Editor- Koylanchal Times News

Check Also

धनबाद पुलिस की दक्षता अभ्यास शुरू , डीसी, एसएसपी ने साधा सटीक निशाना

धनबाद : जिला प्रशासन का शनिवार को वार्षिक फायरिंग दक्षता अभ्यास शुरू हो गया है. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *