
धनबाद/जोगता : 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जोगता थाना परिसर में सोमवार को गौरवपूर्ण,अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने तिरंगा फहराकर उपस्थित जनसमूह को संविधान की गरिमा, राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
ध्वजारोहण के उपरांत जोगता थाना क्षेत्र में रामनवमी, मोहर्रम एवं दुर्गा पूजा–2025 के दौरान शांति, अनुशासन, आपसी सहयोग और प्रशासनिक समन्वय में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाली समितियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। यह आयोजन जोगता क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन और आमजन के मजबूत तालमेल का सशक्त उदाहरण बना।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न पर्व समितियों के पदाधिकारी, स्थानीय प्रेस प्रतिनिधि, मेडिकल टीम एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रामनवमी पर्व–2025 में उत्कृष्ट योगदान
• प्रथम स्थान : भेलाताड़ शिव मंदिर रामनवमी कमेटी – श्री वीरू रजक
• द्वितीय स्थान : टाटा सिजुआ 6 नंबर रामनवमी कमेटी – श्री जगदीश पासवान
• तृतीय स्थान : पुराना श्याम बाजार रामनवमी कमेटी – श्री चंद्रभान सिंह एवं श्री रामा शाव
रामनवमी जुलूस मार्ग में बेहतर सहयोग, अनुशासन और आपसी सद्भाव के लिए भद्रीचक मस्जिद कमेटी एवं मोडीडीह मस्जिद कमेटी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल बताया।
मोहर्रम–2025 में अनुकरणीय कार्य
• प्रथम स्थान : कशियाटाँड मोहर्रम कमेटी – श्री सोबराती मियाँ
• द्वितीय स्थान : तारल्ला मोहर्रम कमेटी – श्री कुर्बान मियाँ
• तृतीय स्थान : तेतुलमुड़ी बस्ती (2212 ऊपर मोहल्ला) मोहर्रम कमेटी – श्री अनसारुल अंसारी
बेहतर ताजिया, सजावट एवं अनुशासित आयोजन के लिए—
• प्रथम स्थान : 22/12 नीचे मोहल्ला – श्री मोहम्मद नसरुद्दीन अंसारी
• द्वितीय स्थान : जोगता मोड़ मोहर्रम कमेटी – श्री मोहम्मद आज़ाद
• तृतीय स्थान : दाउदनगर मोहर्रम कमेटी – श्री मोहम्मद अज़ीज़ अंसारी
मोहर्रम के दौरान शांति एवं सहयोग हेतु फतेहपुर मस्जिद कमेटी को भी सम्मानित किया गया।
दुर्गा पूजा–2025 में उत्कृष्ट व्यवस्था
• प्रथम स्थान : श्री श्री दुर्गा पूजा स्टाफ रिक्रिएशन क्लब – श्री चेन्नई बनर्जी
• द्वितीय स्थान : श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी, टाटा सिजुआ कोलियरी – श्री पंचम कुमार सिंह
• तृतीय स्थान : श्री श्री दुर्गा पूजा सार्वजनिक समिति – श्री आदित्यनाथ घोष
दुर्गा पूजा में सहयोग एवं अनुशासन के लिए श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी, पुराना श्याम बाजार (श्री बृज बिहारी सिंह) को सम्मानित किया गया।
विशेष सम्मान
शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में निरंतर योगदान के लिए शांति समिति, जोगता स्थानीय प्रेस, जोगता मेडिकल टीम तथा स्थानीय प्रेस के समस्त सदस्यों को भी सम्मानित किया गया, जिसकी सर्वत्र सराहना हुई।
कार्यक्रम में पुटकी अंचल अधिकारी विकास आनंद सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने अपने संबोधन में सभी समितियों, संगठनों एवं नागरिकों की खुले मन से प्रशंसा करते हुए कहा कि जोगता थाना क्षेत्र की पहचान शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे से है, जिसे प्रशासन और जनता मिलकर आगे भी बनाए रखेंगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन शकील अहमद एवं भोलाराम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जोगता थाना के अवर निरीक्षक राजकुमार महतो द्वारा प्रस्तुत किया गया।
समारोह सौहार्दपूर्ण, गरिमामय और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ, जिसे उपस्थित जनसमूह ने जोगता थाना के सकारात्मक कार्यसंस्कृति का प्रतीक बताया।