
कतरास : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर धनबाद के ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब एवं कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने गुरुवार को कतरास के प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. उन्होंने रानी बाजार, रेलवे इंस्टीट्यूट और जीएनएम पूजा पंडाल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया.
एसपी ने पूजा समितियों को पंडाल और मेला परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था में वालंटियर की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया. उन्होंने पूजा समितियों से महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था करने तथा दर्शन के लिए महिला और पुरुषों की अलग-अलग कतार या प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.
भीड़ वाले स्थानों पर सादे लिबास में निगरानी
ग्रामीण एसपी ने बताया कि दुर्गापूजा के दौरान कतरास क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी पर लगाया जायेगा. भीड़ वाले स्थानों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके.
उन्होंने पूजा समितियों से भी पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाये रखने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा. किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अफवाह की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गयी.
यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा जोर
पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिये गये. श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने और पंडालों के आसपास जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस को आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया.
एसपी ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शांति भंग करने या उपद्रव करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार को क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने और पूजा के दौरान लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.
निरीक्षण के दौरान सहायक निरीक्षक मनोज कुमार के अलावा पूजा समिति के अभय सिंह, रंजीत रवानी, बिल्लू चटर्जी, श्याम किशोर कल्लू, पंकज सिन्हा, अमन जायसवाल, मुकेश भट्ट और सोनू शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद थे.