
कतरास : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर सोमवार को कतरास थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने की, जबकि संचालन वार्ड संख्या-2 के पार्षद मो.शहाबुद्दीन ने किया।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने रामनवमी के अवसर पर बिजली, पानी, साफ-सफाई, लाइटिंग, मेडिकल कैंप और जुलूस मार्ग की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। सभी ने मिलकर पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि रामनवमी के दौरान निकलने वाले अखाड़ा एवं जुलूस निर्धारित रूट पर ही निकाले जाएं और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में वार्ड 1 की पार्षद डॉ मधुमाला, वार्ड 2 के पार्षद मो.शहाबुद्दीन, वार्ड 5 की पार्षद निरुपमा देवी, पूर्व पार्षद हरिप्रसाद अग्रवाल, कतरास बाजार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष उदय वर्मा, सचिव विष्णु चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग आदि उपस्थित थे।